बक्सवाहा, राजू दुबे । भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच आस्था और संकल्प की अनोखी मिसाल पेश करते हुए बालाघाट निवासी तुलंद मरावी और निर्मल उइके दंडवत यात्रा करते हुए रविवार को बक्सवाहा पहुंचे। दोनों श्रद्धालु बाबा केदारनाथ धाम तक 1450 किलोमीटर की कठिन यात्रा पर निकले हैं। बक्सवाहा पहुंचने पर स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर हौसला बढ़ाया।


श्रद्धालुओं ने बताया कि अब तक वे 92 दिनों में करीब 350 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उनका कहना है कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनजागरण का अभियान भी है। यात्रा के माध्यम से वे गौशाला निर्माण, वृद्धाश्रम स्थापना और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का संदेश दे रहे हैं।


तुलंद मरावी और निर्मल उइके ने कहा कि वे बाबा केदारनाथ से समाज में सुख, शांति और महिलाओं की सुरक्षा की कामना लेकर यह कठिन दंडवत यात्रा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने उनकी श्रद्धा और समर्पण की सराहना करते हुए सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।