मुंबई, रोहित पाठक। मुंबई के सनातन मठ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) से बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने सादर भेंट की। अभिनेता ने उनके चरणों में आशीर्वाद लिया और समाजसेवा के विभिन्न कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।
भेंट के दौरान बागेश्वर सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी टाइगर श्रॉफ को दी गई। विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद बेटियों के लिए निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल तथा बागेश्वर धाम में निरंतर चल रही मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई भंडारे सहित अन्य सेवा कार्यों का विस्तार से जिक्र किया गया।
टाइगर श्रॉफ ने इन पहलों की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। अभिनेता ने बागेश्वर सरकार के जनसेवा कार्यों और जनकल्याण के प्रति उनके अटूट समर्पण की भी प्रशंसा की।
मुलाकात के अंत में टाइगर श्रॉफ ने बागेश्वर सरकार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान व्यक्त किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच हुई यह आत्मीय भेंट सामाजिक सेवा और जनकल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का सुंदर संदेश देती नजर आई।

