लखनऊ। यूपी के अमरोहा में तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ मंदिर में सात फेरे लेने का दावा किया है। इस विवाह का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। कुछ हिंदू संगठनों ने इसका विरोध भी जताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तीनों युवतियों ने अपनी इच्छा से शादी करने की बात कही है। अगर कोई लिखित शिकायत करता है तो जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर क्षेत्र के धौरिया गांव की रहने वाली सरोज, सावित्री और संतोष सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। तीनों इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं और अपनी वीडियो रील्स के कारण स्थानीय स्तर पर पहचान रखती हैं। बताया जाता है कि सरोज बीटेक सेकेंड ईयर की छात्रा हैं, जबकि सावित्री और संतोष ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की है।
श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू करीब छह महीने से तीनों बहनों के साथ कैमरामैन के रूप में काम कर रहा था। वीडियो शूट करने के अलावा वह कई कंटेंट में उनके साथ अभिनय भी करता था। इसी दौरान चारों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया। बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को तीनों बहनों और विकास ने चामुंडा माता मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। इस शादी में दोनों परिवारों का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। तीनों बहनों का कहना है कि वे बचपन से हमेशा साथ रही हैं और शादी के बाद भी अलग-अलग घरों में नहीं जाना चाहती थीं। जब परिवार ने उनके रिश्ते अलग-अलग स्थानों पर तय करने की कोशिश की तो उन्होंने एक साथ एक ही युवक से विवाह करने का निर्णय लिया। विकास का कहना है कि वह तीनों की भावनाओं से परिचित था और उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उसने यह फैसला लिया।
विवाह के वीडियो के सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने मंदिर परिसर में इस तरह के विवाह पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक परंपराओं के विपरीत बताया। विरोध बढ़ने पर तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है और वे सभी बालिग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्राचीन समय में राजा दशरथ की तीन रानियां हो सकती थीं तो उनके निर्णय को गलत क्यों माना जा रहा है। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल जीवनभर साथ रहना है।
वहीं, हसनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने NBT ऑनलाइन से बताया कि स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी मिली है। उन्हें नहीं मालूम कि ये रील बनाई गई है या फिर हकीकत मे शादी हुई है, लेकिन थाने में ना किसी ने ऐतराज जताते हुए शिकायत की है और ना ही शादी करने वाली तीनो बहनों ने उनसे संपर्क किया है। इसलिए इस मामले में वह ज्यादा कुछ नहीं कह सकते। अगर कोई शिकायत करता है तो जांच की जाएगी।




