छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बृजपुरा स्थित सिमरिया रोड पर हरि सिद्ध परिसर में बने नवनिर्मित प्रकाटेश्वर बालाजी मंदिर को अज्ञात चोरों ने देर रात निशाना बना लिया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान बालाजी की प्रतिमा पर चढ़े मुकुट, छत्र, नेत्र, तिलक, भौं, मंजीरा, झिंका, लाइट सहित अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए। इसके अलावा दान पेटी में रखे करीब 14 हजार रुपये तथा मंदिर में रखी लगभग एक से सवा लाख रुपये की नगदी भी बदमाश अपने साथ ले गए।


जानकारी के अनुसार, मंदिर में हाल ही में विशाल यज्ञ का आयोजन हुआ था, जिसके बाद बालाजी की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इसके बाद से यह मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया था। दानदाताओं के सहयोग से मंदिर का विस्तार कार्य भी चल रहा था।


ग्रामीण मत्थर पटेल ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 5:30 बजे पूजा के लिए फूल लेकर मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचने पर मंदिर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी तत्काल ग्राम सरपंच आदित्य मिश्रा को दी गई, जिन्होंने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर से चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।