छतरपुर, सौरभ शुक्ला। राजेश अग्रवाल मौत मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ओरछा रोड थाना पुलिस निरंतर प्रयास कर रही है। इस बीच राजेश अग्रवाल को एमसीएक्स के जाल में फंसाकर उसे कर्ज बोझ तले दबाने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपियों में सबसे शातिर मास्टरमाइंड शरद अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है।


पुलिस शरद अग्रवाल की छतरपुर, जबलपुर में स्थित प्रॉपर्टी की जानकारी भी जुटा रही है। सोशल मीडिया पर शरद अग्रवाल के 10 करोड़ रूपए से अधिक के ऑलीशान बंगले के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह अकूत कमाई शरद अग्रवाल ने एमसीएक्स का डिब्बा चलाकर गैरकानूनी तरीके से अर्जित की है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि एमसीएक्स राजेश अग्रवाल मौत मामले में अब तक एक आरोपी रोहित पटैरिया को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपी शरद अग्रवाल, सुरेश नगरिया, कल्लू कलई, अनवर खान, मोनू अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं इन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।