मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जवाहरलाल नेहरू लॉ कॉलेज में फीस वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। एनएसयूआई के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। बाद में प्रदर्शनकारियों ने संजीत रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता श्रीकोल्ड से रैली के रूप में जवाहरलाल नेहरू लॉ कॉलेज पहुंचे। यहां छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फीस वृद्धि का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बढ़ी हुई फीस से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से फीस वृद्धि तत्काल वापस लेकर छात्र हित में निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारी कॉलेज के मुख्य गेट को बंद करने के लिए आगे बढ़े। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया।
मुख्य गेट पर विवाद के बाद प्रदर्शनकारी कॉलेज परिसर से बाहर निकलकर संजीत रोड पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालकर यातायात व्यवस्था संभाली। आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र, एनएसयूआई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज प्रशासन तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
बाद में कॉलेज प्राचार्य ने प्रदर्शनकारी छात्रों से चर्चा की। इसके बाद ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष रामा देवी गुर्जर की ओर से 15 अगस्त से पहले फीस वृद्धि सहित छात्रों की मांगों पर सकारात्मक विचार कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया। आश्वासन मिलने के बाद एनएसयूआई ने आंदोलन समाप्त कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।




