छतरपुर, शिवम सोनी। बमीठा थाना क्षेत्र के चंद्रनगर स्थित शासकीय स्कूल में शुक्रवार को अचानक 11वीं और 12वीं कक्षा की चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। स्कूल स्टाफ ने छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए चंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भी दो छात्राओं की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया।


जिला अस्पताल में भर्ती छात्राओं की पहचान 12वीं कक्षा की साधना सोनी (18), पिता मनोज सोनी, निवासी धमना थाना बमीठा और 11वीं कक्षा की किरंजल अनुरागी (17), पिता सुरेश अनुरागी, निवासी चंद्रनगर के रूप में हुई है। छात्राओं ने सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी और कमजोरी की शिकायत बताई है। फिलहाल दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।


परिजनों का दावा- 15 दिनों से बिगड़ रही छात्राओं की तबीयत


साधना के पिता मनोज सोनी ने दावा किया कि स्कूल में यह पहली घटना नहीं है। पिछले करीब 15 दिनों से अलग-अलग छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ रही है। उनके मुताबिक कुछ छात्राएं चक्कर खाकर गिर जाती हैं, जबकि कुछ को सांस लेने और बोलने में परेशानी होने लगती है। परिजनों ने स्कूल में भूत-प्रेत अथवा कथित ‘ऊपरी साया’ होने की आशंका भी जताई है। हालांकि परिजनों के इस दावे की किसी प्रशासनिक, चिकित्सकीय या अन्य आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।


डॉक्टर बोले- दोनों छात्राओं की हालत में सुधार


जिला अस्पताल के डॉक्टर रोशन द्विवेदी ने बताया कि चंद्रनगर से दो छात्राओं को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद रेफर किया गया था। दोनों को सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। अस्पताल में उपचार के बाद फिलहाल दोनों छात्राओं की हालत में सुधार है।