भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त 71 जिलाध्यक्षों की अगले सप्ताह अहम समीक्षा होने जा रही है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी 15 से 18 अप्रैल तक संभागवार उनके कामकाज का मूल्यांकन करेंगे। इस दौरान संगठन निर्माण, कार्यप्रणाली, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलाध्यक्षों पर सख्त कार्रवाई, यहां तक कि पद से हटाने तक का निर्णय लिया जा सकता है।


संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले के अनुसार, जिलाध्यक्षों का पहले भी दो चरणों में रिव्यू हो चुका है, लेकिन इस बार की समीक्षा निर्णायक मानी जा रही है। दिल्ली से वामसी रेड्डी भी भोपाल पहुंचकर पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे।


इसी बीच 16 अप्रैल को जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास के सामने किसानों के मुद्दों को लेकर धरना देगी। वहीं 17 अप्रैल को ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, प्रदेश में 23 हजार में से 21 हजार पंचायत कमेटियों का गठन पूरा हो चुका है, जिससे संगठनात्मक ढांचा लगभग तैयार माना जा रहा है।