टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का असर और आक्रोश अब मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में भी देखने को मिल रहा है। शहर के फोर्ट व्यू परिसर में आयोजित छात्रों की गूंज छात्र संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय छात्रों और युवाओं ने हिस्सा लिया। इस संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र हितों, उनके संवैधानिक व लोकतांत्रिक अधिकारों तथा वर्तमान शिक्षा प्रणाली से जुड़े विभिन्न संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया।


कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता दीपक मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में छात्रों की गूंज अभियान चला रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और वाजिब मांगों को राष्ट्रीय पटल पर लाना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी लगातार देश के युवाओं से संवाद कर उनके अधिकारों और हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं।


कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस नेता पार्थ सिंह ने जंतर-मंतर की घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों के साथ हुई बर्बर पुलिस कार्रवाई से देश भर के युवाओं में भारी नाराजगी व्याप्त है। छात्र पूरी तरह से लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर अपनी मांगों को उठा रहे थे, ऐसे में उन पर कार्रवाई किया जाना पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी छात्रों, छात्र प्रतिनिधियों और युवाओं ने एक स्वर में छात्र हितों की रक्षा करने, देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने तथा अपनी सभी मांगों व समस्याओं को हमेशा शांतिपूर्ण, अनुशासित और संवैधानिक तरीकों से उठाने का सामूहिक संकल्प लिया।