छतरपुर (बागेश्वर धाम), रोहित पाठक। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार को तड़के से ही देश-विदेश से पहुंचे लाखों भक्तों की भारी भीड़ ने पूरे धाम परिसर को भक्तिमय कर दिया। सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास और उत्साह को डिगा नहीं सकी और लोग झमाझम बारिश के बीच लाइन में लगकर बालाजी सरकार के दर्शन के लिए डटे रहे।
गुरु पूर्णिमा के इस दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर पर धाम में संन्यासी बाबा की पावन पादुकाओं का विशेष पूजन-अर्चन और भव्य शोभायात्रा आयोजित की जा रही है। इस दौरान श्रद्धालुओं को संन्यासी बाबा की दिव्य पादुकाओं के सीधे दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के सानिध्य में आयोजित इस गुरु पर्व में आने वाले सभी भक्तों के लिए विशाल भंडारे और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।




