छतरपुर, शिवम सोनी। घुवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में देर रात शराब के नशे में धुत 30-40 लोगों ने जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट की गई। घटना के बाद चिकित्सकों में भारी आक्रोश फैल गया।
गुरुवार को डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से न सिर्फ अस्पताल का माहौल खराब हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्यकर्मी भय के साए में काम करने को मजबूर हैं।
घटना क्या थी?
सीएचसी में तैनात डॉ. आनंद यादव ने बताया कि रात करीब 1 बजे सड़क दुर्घटना का शिकार एक घायल मरीज को लेकर 30-40 लोग अस्पताल पहुंचे। इनमें से कई लोग शराब के नशे में थे। उन्होंने अस्पताल परिसर में गाली-गलौज शुरू कर दिया और स्टाफ के साथ मारपीट की।
आरोप है कि कुछ उपद्रवी गर्भवती महिलाओं के वार्ड में भी घुस गए, जिससे वहां भर्ती मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई। जब नर्स की सूचना पर डॉ. यादव मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की शिकायत घुवारा थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिकित्सकों ने SP से अस्पताल परिसर में सुरक्षा गार्ड बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।




