मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए GEN-G आंदोलन का असर अब देश के अलग-अलग हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। मंदसौर में जवाहरलाल नेहरू विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) के छात्र फीस वृद्धि के विरोध में कॉलेज गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों का आरोप है कि चलते सेमेस्टर के बीच फीस में दोगुना इजाफा कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
छात्रों के मुताबिक, फीस वृद्धि को लेकर वे पहले भी कॉलेज प्रबंधन के समक्ष आवेदन, निवेदन और ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्या रख चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर छात्रों ने सोमवार सुबह कॉलेज गेट के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का कहना है कि दिनभर धरना देने के बावजूद कॉलेज प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से उनकी समस्या सुनने कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद छात्रों ने रात में भी धरना जारी रखने का निर्णय लिया और कॉलेज गेट के सामने ही डेरा डाल दिया।
देर रात तक छात्र फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर धरने पर बैठे रहे। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरने पर बैठे छात्रों ने बीच सेमेस्टर में फीस बढ़ाए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताया है। छात्रों की मांग है कि बढ़ी हुई फीस को वापस लिया जाए और फीस संबंधी समस्या का जल्द निराकरण किया जाए।




