भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मंगलवार को छतरपुर जिले के नौगांव में तापमान रिकॉर्ड 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं खजुराहो 46.4 डिग्री के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। प्रदेश के कई जिलों में लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में हीटवेव यानी लू का असर बना रहेगा। मंगलवार को प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दतिया में 45.8 डिग्री, राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री और शाजापुर, टीकमगढ़, गुना तथा सागर में 45.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।


बड़े शहरों में भी गर्मी का रिकॉर्ड टूटा

राजधानी भोपाल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। एयरपोर्ट ऑब्जर्वेटरी में तापमान 44.2 डिग्री जबकि अरेरा हिल्स स्टेशन पर 46 डिग्री तक पहुंच गया। इंदौर में 43.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री, जबलपुर में 44.6 डिग्री और ग्वालियर में पहली बार 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में रात का तापमान भी पहली बार 30 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली।


दो लोगों की मौत, लू का खतरा बढ़ा

तेज गर्मी और लू के चलते सतना और टीकमगढ़ में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। दोनों मामलों में हीट स्ट्रोक की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।


इन जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह और रायसेन समेत कई जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शिवपुरी, मुरैना, मंदसौर, धार, देवास, खंडवा, हरदा और अन्य जिलों में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है।


मई में बारिश और गर्मी दोनों का असर

प्रदेश में मई महीने के दौरान आंधी-बारिश और भीषण गर्मी दोनों देखने को मिली। 30 अप्रैल से शुरू हुआ बारिश का दौर 18 मई तक अलग-अलग हिस्सों में जारी रहा। मई के 19 दिनों में से 15 दिन कहीं न कहीं बारिश, आंधी या ओलावृष्टि दर्ज की गई। हालांकि अब मौसम साफ होने के बाद गर्मी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तीखी गर्मी बनी रहेगी।