जबलपुर, अनुराग शुक्ला। शहर के गढ़ा ओवरब्रिज पर देर रात करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय कार में दो बच्चे और एक पुरुष सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।




