लॉस एंजिल्स। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया से होने वाले मुकाबले से पहले स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा है कि उनकी टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी तरह की लापरवाही की कोई जगह नहीं होती। उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पर भरोसा है, लेकिन जीत हासिल करने के लिए मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन करना जरूरी होगा।ग्रुप एच में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद स्पेन अब गुरुवार को लॉस एंजिल्स में ग्रुप जे की उपविजेता ऑस्ट्रिया से भिड़ेगा। मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डे ला फुएंते ने कहा कि टीम का आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने कहा, "हमारे खिलाड़ी जानते हैं कि वे किस स्तर पर हैं। उन्हें अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है। यह आत्मविश्वास है, घमंड नहीं। खिलाड़ी जानते हैं कि वे अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी पता है कि हर मैच नई चुनौती लेकर आता है।"

स्पेनिश कोच का मानना है कि टूर्नामेंट के दौरान उनकी टीम के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अब नॉकआउट चरण की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।उन्होंने कहा, "हमारे पास ऑस्ट्रिया जैसी मजबूत टीम को हराने की क्षमता है। हमारे पास अच्छी रणनीति और बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन सिर्फ कागज पर मजबूत होने से कुछ नहीं होता। मैदान पर अपना खेल दिखाना सबसे जरूरी है।"

डे ला फुएंते ने ऑस्ट्रिया की टीम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी तेज गति, आक्रामक अंदाज और हाई प्रेसिंग फुटबॉल के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा वे मैन-टू-मैन डिफेंडिंग में भी काफी मजबूत हैं, जिससे स्पेन के खिलाड़ियों को हर गेंद के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रिया बहुत आक्रामक टीम है। वे लगातार दबाव बनाते हैं और खिलाड़ियों को गलती करने पर मजबूर करते हैं। हमें पता है कि यह आसान मुकाबला नहीं होगा। हमें आक्रमण और डिफेंस दोनों में पूरी ताकत के साथ खेलना होगा।"

स्पेन के कोच ने माना कि उनकी टीम को इस मैच में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने के साथ-साथ पासिंग में भी अधिक सटीकता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि अगर ऑस्ट्रिया अपने पेनल्टी बॉक्स के आसपास ज्यादा खिलाड़ियों के साथ डिफेंस करता है तो छोटे-छोटे पास और सही फैसले काफी अहम होंगे।

उन्होंने कहा, "हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज सटीकता होगी। पिछले मैचों में कुछ मौकों पर हमारी पासिंग उतनी अच्छी नहीं रही, जितनी होनी चाहिए थी। अब हमें उन गलतियों में सुधार करना होगा, क्योंकि नॉकआउट मुकाबलों में छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है।" स्पेन ने इस टूर्नामेंट में अब तक गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा है, लेकिन अंतिम तीसरे हिस्से में गोल करने के मौके भुनाने में टीम से कुछ चूक भी हुई है। डे ला फुएंते का कहना है कि उनकी टीम अपनी खेल शैली नहीं बदलेगी, बल्कि उसी में सुधार करते हुए आगे बढ़ेगी।

कोच ने कहा, "फुटबॉल में कोई भी टीम पूरी तरह परफेक्ट नहीं होती। हर टीम की अपनी रणनीति होती है और हर मुकाबले में नई परिस्थितियां सामने आती हैं। हमें मैच के अहम पलों को अपने पक्ष में करना होगा।" टीम चयन को लेकर भी डे ला फुएंते ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विंगर निको विलियम्स शारीरिक परेशानी के कारण ऑस्ट्रिया के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, अगर स्पेन अगले दौर में पहुंचता है तो उनके राउंड ऑफ 16 तक फिट होने की उम्मीद है।

वहीं, पिछले मैच में चोटिल हुए येरेमी पिनो की चोट गंभीर नहीं है और उन्हें फ्रैक्चर नहीं हुआ है। दूसरी ओर युवा स्टार लैमिन यामल पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। हालांकि, कोच ने यह बताने से इनकार किया कि यामल शुरुआती एकादश में होंगे या नहीं। डे ला फुएंते ने यह भी बताया कि टीम ने पेनल्टी शूटआउट की विशेष तैयारी की है। उन्होंने कहा कि नॉकआउट मुकाबलों में मैच का फैसला पेनल्टी तक जा सकता है, इसलिए खिलाड़ी लगातार इसका अभ्यास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "पेनल्टी सिर्फ किस्मत का खेल नहीं है। इसके लिए भी विशेषज्ञ खिलाड़ी होते हैं। हालांकि, अंतिम फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि मैच के आखिर में मैदान पर कौन-कौन खिलाड़ी मौजूद होंगे।" स्पेन 2010 में विश्व कप जीतने के बाद से नॉकआउट चरण में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया है। 2014 में टीम ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी, जबकि 2018 और 2022 में उसे राउंड ऑफ 16 में पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा था।

डे ला फुएंते को भरोसा है कि इस बार उनकी टीम इतिहास बदल सकती है। उन्होंने कहा, "यह टीम नए रिकॉर्ड बनाने की आदी है। हमें उम्मीद है कि हम इस बार पुरानी निराशाओं का सिलसिला खत्म करेंगे। मगर फिलहाल हमारा पूरा ध्यान सिर्फ ऑस्ट्रिया के खिलाफ होने वाले मैच पर है। अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाते हैं तो अगले दौर में जगह बनाने की पूरी क्षमता रखते हैं।"