सागर, जीशान खान । सागर। शहर में समाज सेवा को अधिक प्रभावी और स्थानीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में संकल्प फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभिन्न वार्डों के लिए वार्ड प्रेसिडेंट नियुक्त किए हैं। संस्था का उद्देश्य अब प्रत्येक वार्ड में ऐसी सक्रिय टीम तैयार करना है, जो क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप जनहित के कार्यों को गति देने के साथ नागरिकों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर सके। संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि किसी भी शहर का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज सेवा केवल बड़े आयोजनों तक सीमित न रहकर वार्ड स्तर तक पहुंचे।
इसी सोच के साथ संगठन का विस्तार किया गया है, ताकि हर क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व तैयार हो और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।उन्होंने बताया कि नव नियुक्त वार्ड प्रेसिडेंट अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित संवाद स्थापित करेंगे। इसके माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, रक्तदान, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाएगा। संस्था की कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक वार्ड में स्वयंसेवकों की टीम तैयार की जाएगी, जो समाज सेवा के साथ-साथ जनजागरूकता और सदस्यता विस्तार अभियान भी चलाएगी। समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, शैक्षणिक कार्यक्रम तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर लोगों की सहभागिता बढ़ाई जाएगी।
रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन समाज और प्रशासन के बीच एक प्रभावी सेतु की भूमिका निभाने का प्रयास कर रहा है। इसी उद्देश्य से संस्था का एमपी-15 चैटबॉट भी सक्रिय है, जिसके माध्यम से नागरिक व्हॉट्सऐप पर अपनी समस्याएं, सुझाव और सामाजिक सहयोग से जुड़े विषय साझा कर सकते हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर संस्था संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समाधान का प्रयास करती है, जिससे वार्ड स्तर पर योजनाबद्ध और प्रभावी सामाजिक कार्यों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने युवाओं और समाजसेवा से जुड़े लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम में नव नियुक्त वार्ड प्रेसिडेंटों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने वार्ड में सक्रिय रहकर समाज सेवा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
26 वार्डों में मिला स्थानीय नेतृत्व, सेवा कार्यों की जिम्मेदारी
संकल्प फाउंडेशन ने शहर के 26 वार्डों में वार्ड प्रेसिडेंट नियुक्त किए हैं। इनमें अजय चौरसिया (चकराघाट), शुभम पहलवान (कृष्णगंज), लव कुमार (सूबेदार), सचिन पंडित (परकोटा), विशाल तोमर (गुरु गोविंद सिंह), प्रशांत अशोक (विट्ठल नगर), अनिल सैनी (लाल बहादुर शास्त्री), उज्ज्वल तिवारी (मधुकर शाह), नवीन तिवारी (शिवाजी), स्वराज उपाध्याय (शुक्रवारी), सागर जाटव (तिली), शिवांक तिवारी (लाजपतपुरा), निशांत जैन (रामपुरा), अनिकेत विश्वकर्मा (भगत सिंह), शनि नामदेव (शनिचरी), ध्रुव मिश्रा (वृंदावन), शुभम सागर (सिविल लाइन), हिमांशु साहू (अंबेडकर), मोहित सेन (तिलकगंज), सोनल पाठक (केशवगंज), नीरज करोसिया (राजीव नगर), देवाशीष दुबे (गोपालगंज), श्रीकांत दीक्षित (इतवारी), सौरभ रजक (पुरव्याऊ), नमन चौबे (मोहन नगर) और महक समैया (बाघराज) शामिल हैं। संस्था का मानना है कि स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में समाज सेवा के कार्य अधिक प्रभावी और निरंतर रूप से संचालित किए जा सकेंगे।




