छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व नौगांव नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा नगर कृष्णमय नजर आया।


जन्माष्टमी कार्यक्रम की शुरुआत श्री मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यहां से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आकर्षक झांकियां और धार्मिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।


शोभायात्रा के दौरान राधा-कृष्ण के भजनों और धार्मिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीलाओं पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। युवाओं और बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल कीÓ सहित अन्य जयघोषों से नगर की गलियां गूंजती रहीं।


हायर सेकेंडरी ग्राउंड में हुआ मटकी फोड़ कार्यक्रम

शोभायात्रा का समापन हायर सेकेंडरी ग्राउंड में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की याद दिलाने वाली इस प्रतियोगिता में युवाओं की टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऊंचाई पर बांधी गई मटकी को फोडऩे के लिए टीमों ने कई प्रयास किए। आखिरकार एक टीम ने मटकी फोडऩे में सफलता हासिल कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। मटकी फूटते ही पूरा मैदान 'जय श्रीकृष्णÓ और 'जय कन्हैया लाल कीÓ के जयकारों से गूंज उठा। विजेता टीम को आयोजकों की ओर से 11 हजार रुपए की नगद राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई।