भिंड,अक्षय जोशी। जिले के अटेर थाना क्षेत्र अंतर्गत रमटा गांव के पास उस वक्त सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नीलेश जाटव (30) के रूप में हुई है, जो भिंड से अपने गांव खरिका जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और तीन साल की बच्ची के साथ ससुराल से लौट रहा था।
रास्ते में दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट का प्रयास किया। जब नीलेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अटेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

