नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग कार्य शुक्रवार 22 मई तक ही निपटा लेने चाहिए। दरअसल, 23 मई से 28 मई 2026 के बीच SBI की शाखाएं लगातार 6 दिनों तक बंद रह सकती हैं। इसकी वजह चौथे शनिवार और रविवार की छुट्टियां, कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल और बकरीद को लेकर घोषित अवकाश हैं।
जानकारी के अनुसार 23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। वहीं बकरीद (ईद-उल-अजहा) के चलते 27 और कुछ राज्यों में 28 मई को भी बैंकों में अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे।
हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है। विशेष रूप से कैश काउंटर, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट और शाखाओं में होने वाले दैनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है।
AISBISF ने कर्मचारियों की 16 मांगों को लेकर यह हड़ताल बुलाई है। इनमें खाली पदों पर भर्ती, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, आउटसोर्सिंग पर रोक, मेडिकल सुविधाओं में सुधार, कर्मचारियों के ट्रांसफर और प्रमोशन से जुड़ी नीतियों में बदलाव जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।
बैंक कर्मचारियों ने यह भी मांग की है कि स्थाई प्रकृति के कार्यों को बाहरी एजेंसियों को सौंपने की प्रक्रिया बंद की जाए तथा शाखाओं में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। वहीं रिटायर्ड कर्मचारियों को लंबित लाभ दिए जाने और पेंशन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि नकदी निकासी, चेक जमा, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते निपटा लें, ताकि आने वाले दिनों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

