भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि मतदान और मतगणना 18 जून 2026 को संपन्न कराई जाएगी।


निर्वाचन आयोग के मुताबिक उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।


मध्य प्रदेश में जिन तीन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है, उनमें भारतीय जनता पार्टी के जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी तथा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह शामिल हैं। इन सीटों पर नए प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए विधानसभा के निर्वाचित विधायक मतदान करेंगे।


विधानसभा में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए भाजपा दो सीटों पर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस अपनी एक सीट बचाने की रणनीति बनाने में जुटी हुई है। फिलहाल मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 164 विधायक और कांग्रेस के 64 विधायक हैं।


राज्यसभा चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से नहीं बल्कि अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराया जाता है। इसमें विधायक ‘सिंगल ट्रांसफरेबल वोट’ और आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत मतदान करते हैं। विधायक उम्मीदवारों को प्राथमिकता क्रम में वोट देते हैं और तय कोटा हासिल करने वाले उम्मीदवार विजयी घोषित किए जाते हैं। वहीं, यदि उम्मीदवारों की संख्या सीटों के बराबर रहती है तो उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाता है।