छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर पालिका नौगांव में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। पिछले 48 घंटे से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। नियमित कचरा उठाव और डोर-टू-डोर कलेक्शन बंद होने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गंदगी बढ़ने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी गहरा गई है।


नगर के करीब 20 वार्डों में प्रतिदिन होने वाली सफाई और कचरा संग्रहण की व्यवस्था सोमवार से पूरी तरह प्रभावित है। प्रमुख बाजारों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में कचरा जमा होने लगा है, जिससे लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।


हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों का आरोप है कि नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आर.एस. अवस्थी ने कुछ दिन पहले एक सफाई कर्मचारी के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित कर्मचारी, जो लंबे समय से बीमार भी बताया जा रहा है, ने इस मामले की शिकायत नौगांव थाने में की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारी ने रविवार को पुनः थाना और बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।


सफाई कर्मियों का कहना है कि शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्होंने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।


उधर, शहर में लगातार बढ़ रही गंदगी को लेकर आमजन की चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान निकालने तथा सफाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग की है। वहीं, मामले में नगर पालिका प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।