भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका आया है। मध्यप्रदेश पुलिस ने बैंड आरक्षक के 679 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती वर्ष 2026 के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें केवल पुरुष अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे।आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 19 अप्रैल 2026 तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।
बैंड आरक्षक पुलिस बैंड यूनिट का हिस्सा होते हैं, जो परेड, सरकारी कार्यक्रमों और विशेष अवसरों पर संगीत प्रस्तुति देते हैं। इस पद के लिए अभ्यर्थियों के पास संगीत वाद्य यंत्र बजाने की विशेष योग्यता होना जरूरी है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ-साथ म्यूजिकल स्किल टेस्ट भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पात्रता, आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें, क्योंकि गलत या अधूरी जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।


