भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है। प्रदेश में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के लिए भोपाल में फाइनेंशियल ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (FTRI) खोलने को मंजूरी दी गई है। यह संस्थान बजट विश्लेषण, वित्तीय रिसर्च और प्रशासनिक प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शुरुआत में इसका संचालन प्रशासन अकादमी से किया जाएगा। कैबिनेट ने उज्जैन में एयरपोर्ट निर्माण के लिए 590 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यह राशि भूमि अधिग्रहण पर खर्च होगी और एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत किया जाएगा, जिससे सिंहस्थ के दौरान आवागमन आसान होगा।


mohanbhaiya


कृषि क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने चना और मसूर की खरीदी को मंजूरी दी है। चने का 25 प्रतिशत और मसूर का 100 प्रतिशत उपार्जन किया जाएगा, जिसके लिए 3174 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, गेहूं खरीदी 9 अप्रैल से शुरू होगी। मंदसौर जिले में गांधी सागर बांध से जुड़ी कातन सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी दी गई है, जिससे 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 120 गांवों के 1358 परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा एससी वर्ग के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप राशि बढ़ाकर 10 हजार रुपए प्रतिमाह कर दी गई है, जो पहले 2 हजार रुपए थी।


mahanbhaiyaandteam


कैबिनेट ने वाणिज्यिक कर, वन और स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं को जारी रखने के लिए भी हजारों करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। साथ ही 8 से 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका राज्य स्तरीय आयोजन भिंड में होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को कई फोरलेन सड़कों की सौगात मिली है, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।