रायगढ़, छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के संगरा गांव के जंगल में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने परिजनों के साथ जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) इकट्ठा करने गई थी, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर निवासी प्रभा एक्का (55) अपने परिवार के साथ संगरा के जंगल में पुटू खोज रही थीं। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। पुटू इकट्ठा करने के दौरान अचानक बिजली प्रभा एक्का पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद परिजन और आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमजयगढ़ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों एवं जंगलों में जाने से बचने की अपील की है।




