अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीन । प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav लगातार खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन अजयगढ़ क्षेत्र के खरीदी केंद्रों में परिवहन व्यवस्था की सुस्ती किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। परिवहन कार्य धीमी गति से होने के कारण खरीदी केंद्रों में जगह की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे किसानों की उपज का भुगतान भी अटक गया है और नए किसानों की फसल की तौल नहीं हो पा रही है।
ताजा मामला अजयगढ़ के मजगांय खरीदी केंद्र का सामने आया है, जहां परिवहन न होने से किसान परेशान हैं। समस्या को लेकर कई किसानों ने अजयगढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल परिवहन व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र में जमा की गई उपज का समय पर परिवहन नहीं होने से भुगतान अटक गया है। शादी-ब्याह के सीजन में किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम खराब होने के चलते किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार अजयगढ़ क्षेत्र में जिस ठेकेदार को परिवहन का टेंडर दिया गया है, उसके द्वारा शुरू से ही कम वाहन लगाकर धीमी गति से परिवहन किया जा रहा है। इसका सीधा असर खरीदी व्यवस्था पर पड़ रहा है। केंद्र प्रभारी भी परिवहन की सुस्त रफ्तार से परेशान नजर आ रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द परिवहन व्यवस्था सुधारने और लंबित भुगतान कराने की मांग की है, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

