उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर की गई आक्रामक टिप्पणी के बाद से सूबे की सियासत पहले ही गर्माई हुई थी, कि अब एक नए वायरल वीडियो ने राजनैतिक गलियारों में नया तूफान खड़ा कर दिया है। इंदौर से मंदसौर जाते समय उज्जैन के समीप उन्हेल में आयोजित किसान कांग्रेस के एक सम्मान कार्यक्रम के दौरान का जीतू पटवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें चौतरफा घेरना शुरू कर दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान जब एक किसान ने पटवारी को आदरपूर्वक 'श्री राधा-कृष्ण' अंकित धार्मिक दुपट्टा भेंट किया, तब उन्होंने उसे हाथ में लेने के बाद पहले से गले में पहने एक अन्य दुपट्टे को उतारा और दोनों दुपट्टों को नीचे खड़े लोगों के पैरों की ओर फेंक दिया।
इस वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद भाजपा ने इसे एक बड़ा राजनैतिक मुद्दा बना लिया है और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सीधे तौर पर सनातन धर्म, हिंदू संस्कृति और अन्नदाता किसानों का घोर अपमान करार दिया है। गुप्ता ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जीतू पटवारी का सार्वजनिक जीवन में लगातार अमर्यादित व्यवहार सामने आता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर अशोभनीय टिप्पणी करने के ठीक बाद अब पटवारी ने इस तरह का कृत्य कर किसानों की भावनाओं और सनातन संस्कृति की मर्यादा को गहरी ठेस पहुंचाई है।
भाजपा मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने अपने बयान में आगे कहा कि जो सीधे-साधे ग्रामीण किसान बेहद श्रद्धा के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को ‘श्री राधे’ अंकित पवित्र दुपट्टा पहना रहे थे, उसे इस तरह उपेक्षा से नीचे फेंक देना उनकी धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र और सक्रिय राजनीति में संयम, शुचिता तथा मर्यादा का होना अनिवार्य है, लेकिन पटवारी का यह व्यवहार सार्वजनिक जीवन की स्थापित गरिमा के बिल्कुल विपरीत है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में दोनों ही प्रमुख दलों के बीच जुबानी जंग और अधिक तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि इस बहुचर्चित वायरल वीडियो में जीतू पटवारी वहां एकत्रित ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि, “मोहन भैया मुझे गाली दे रहे हैं… क्यों गाली दे रहे हैं… वो किसानों के हित की बात नहीं करना चाहते।” इसी संबोधन के दौरान उनके हाथ में भगवान के नाम और छवि वाले वे दुपट्टे दिखाई देते हैं, जिन्हें पहनने के बजाय वे कथित तौर पर नीचे की तरफ डालते हुए दिख रहे हैं। जहां एक तरफ भाजपा इस पूरे मामले को लेकर हमलावर है और जनता के बीच कांग्रेस की सोच को बेनकाब करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस संगठन की ओर से फिलहाल इस पूरे वीडियो विवाद और आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बचाव सामने नहीं आया है।


