छतरपुर, शिवम सोनी। ज्वेलरी दुकान से बैग में भरे लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हुए अंतरराज्यीय चोर का आखिरकार पुलिस ने सफाया कर दिया। हरपालपुर पुलिस ने दिसंबर 2025 की इस सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को राजस्थान से दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस सफलता की जानकारी दी।

चोरी की घटना

दिसंबर 2025 में हरपालपुर कस्बे के ज्वेलरी व्यापारी रामबाबू सोनी की दुकान से सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना की शिकायत पर हरपालपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।

शातिर चोर की धरपकड़

भौतिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गठित पुलिस टीम ने लगातार छानबीन के बाद आरोपी मुख्तार अली (पिता अहमद अली, निवासी छावडा, जिला बारा, राजस्थान) को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मुख्तार अली ने अपने साथी इंजमान उर्फ रियान (निवासी बड़ागांव शाहगंज, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश) के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लाख रुपये के अनुमानित मूल्य वाले विभिन्न प्रकार के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

मुख्तार अली एक आदतन अपराधी है। वह पहले भी उत्तर प्रदेश (लखनऊ, मैनपुरी), राजस्थान (कोटा) और मध्य प्रदेश (छतरपुर) में चोरी, धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने जैसे 6 से अधिक गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।

पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी के साथी इंजमान उर्फ रियान की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस बड़ी कामयाबी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में हरपालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह सिकरवार, नौगांव थाना प्रभारी निरीक्षक संजय राय, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक नेहा गुर्जर, प्रधान आरक्षक बृजराज, आरक्षक रामकिशोर यादव, कमलेश, संदीप, राहुल भदौरिया तथा साइबर सेल से धर्मराज पटेल व अभय अहिरवार की मुख्य भूमिका रही।