छतरपुर। शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और राजस्व संबंधी कार्यों के मौके पर निराकरण के लिए राजस्व कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पर एसडीएम गौरिहार विजय कुमार डेहरिया ने पटवारी हल्का नंबर-01 जुझारनगर रविन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
7 सितंबर 2026 को फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में जुझारनगर हल्के की प्रगति मात्र 20.82 प्रतिशत पाई गई थी। इस पर पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 9 सितंबर तक कार्य प्रगति सहित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय तक उनके द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
तहसीलदार गौरिहार के प्रतिवेदन के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री के 4141 के लक्ष्य के विरुद्ध करीब 21 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण किया गया है। वहीं नक्शा तरमीम के 6400 के लक्ष्य के विरुद्ध 2358 प्रकरण लंबित हैं। जुझारनगर से संबंधित 15 शिकायतें भी बिना कार्रवाई के लंबित पाई गईं। निर्देशों के बावजूद संबंधित पटवारी द्वारा इन कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं ली गई।
पूर्व में भी सामने आई थी लापरवाही
19 अगस्त को भ्रमण के दौरान सूचना के बावजूद पटवारी हल्के में उपस्थित नहीं मिले थे। वहीं 8 जुलाई को कलेक्टर द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में भी सूचना के बावजूद अनुपस्थित रहने के कारण उनके कार्यों की समीक्षा नहीं हो सकी थी। इस पर कलेक्टर द्वारा वेतन काटने के निर्देश दिए गए थे।
लगातार शासकीय कार्यों में लापरवाही, कम कार्यप्रगति और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को प्रथम दृष्टया कदाचरण मानते हुए म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3(1), 3(2), 3(3) तथा म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि में पटवारी रविन्द्र मिश्रा का मुख्यालय कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गौरिहार निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।




