कटनी, सुमित पाण्डेय। एनजेके थाना क्षेत्र के सरसवाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक साथ 8 से 10 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं ने पेट दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और कमजोरी की शिकायत की। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।


जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही थीं। इसी दौरान कक्षा 6 से 10 तक की कुछ छात्राओं ने अचानक असहज महसूस करना शुरू किया। देखते ही देखते अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ने लगी और प्रभावित छात्राओं की संख्या 8 से 10 तक पहुंच गई। स्थिति गंभीर होते देख विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल आवश्यक कदम उठाए और छात्राओं के परिजनों को भी सूचना दी।


जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी छात्राओं की जांच की। प्रारंभिक जांच में अधिकांश छात्राओं में डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) की समस्या सामने आई। कुछ छात्राओं को सांस लेने में परेशानी और चक्कर आने की शिकायत भी थी। डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद निगरानी के लिए अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर लिया।


चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य विभाग छात्राओं की लगातार निगरानी कर रहा है। वहीं, घटना के बाद विद्यालय परिसर में भी एहतियात बरती जा रही है और छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।