खजुराहो। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो से सांसद विष्णुदत्त (बी.डी.) शर्मा के निरंतर प्रयासों से संसदीय क्षेत्र वासियों और देश-विदेश के पर्यटकों को एक और बड़ी सौगात मिली है। खजुराहो को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से जोड़ने वाली एक और नई ट्रेन को केंद्र सरकार से मंजूरी प्राप्त हो गई है।
जानकारी देते हुए सांसद बी.डी. शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली में देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुई उनकी विशेष मुलाकात के दौरान रेल मंत्री ने उनकी मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए इस नई ट्रेन की सौगात प्रदान की है। रेल मंत्री के अनुसार, बहुत जल्द इस ट्रेन की अधिकारिक समय-सारणी भी जारी कर दी जाएगी।
पर्यटन और आम यात्रियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी नई ट्रेन: बी.डी. शर्मा
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो-भोपाल के बीच नई ट्रेन की इस सौगात पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। सांसद बी.डी. शर्मा ने कहा कि खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल होने के नाते भोपाल के लिए अतिरिक्त ट्रेन की लंबे समय से आवश्यकता थी। यह नई ट्रेन न केवल पर्यटन के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी, बल्कि क्षेत्रीय नागरिकों, व्यवसायियों और विद्यार्थियों के लिए राजधानी भोपाल तक की यात्रा को और भी अधिक सरल, सुलभ और आरामदायक बनाएगी। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ा उपहार बताया है।
क्षेत्रीय विधायक ने जताया आभार
खजुराहो से भोपाल के लिए नई ट्रेन की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया ने संपूर्ण क्षेत्रवासियों की ओर से खुशी जाहिर की है। उन्होंने सांसद बी.डी. शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया है। इस नई रेल सेवा की मंजूरी मिलने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।





