लवकुशनगर, जावेद खान। थाना क्षेत्र के बगमऊ गांव में शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति एवं एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान रामेश्वर अहिरवार (46) पिता लखना अहिरवार के रूप में हुई है, जो सुबह अपने घर पर घरेलू कार्य कर रहे थे।

बताया गया कि गांव के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन का नंगा तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। तार गिरने से क्षेत्र में हाई वोल्टेज करंट फैल गया और स्पार्किंग होने लगी। इसी दौरान रामेश्वर अहिरवार करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के कुछ समय बाद उसी टूटे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से ब्रजेश विश्वकर्मा की पालतू गाय की भी मौत हो गई। एक ही घटना में व्यक्ति और मवेशी की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

मृतक के परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर एवं नंगे बिजली तारों की समय पर मरम्मत नहीं किए जाने के कारण उन्हें अपने परिवार का मुखिया खोना पड़ा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही अक्टोहा चौकी प्रभारी सोहन सैयाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं विद्युत विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।