छतरपुर, संतोष शिवहरे। मात्र 16 साल का एक अनाथ किशोर अपने ही सगे चाचा पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के दरवाजे पर पहुंच गया है। किशोर का कहना है कि उसके पिता की मौत के बाद चाचा ने ट्रैक्टर को अपने नाम ट्रांसफर करवा लिया।
पीड़ित सूर्य प्रताप सिंह पायक, निवासी ग्राम रामटौरिया (बमनौरा थाना क्षेत्र), ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पिता की मौत के बाद हुआ सब कुछ
किशोर ने बताया कि कोरोना काल में उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। अक्टूबर 2023 में बीमारी के चलते पिता भगवान सिंह भी दिवंगत हो गए। इसके बाद वह टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना अंतर्गत ग्राम चरी में अपनी विवाहित बहन के यहां रह रहा है।
पिता के नाम पर एक मैसी कंपनी का ट्रैक्टर था, जिसके मूल दस्तावेज आज भी किशोर के पास सुरक्षित हैं।
एक हफ्ते पहले खुलासा
करीब एक सप्ताह पहले जब किशोर ने ऑनलाइन रिकॉर्ड चेक किया और टीकमगढ़ आरटीओ में जांच कराई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उसके सगे चाचा देवी सिंह ने 7 मई 2026 को आगर मालवा आरटीओ से जालसाजी और धोखाधड़ी के जरिए ट्रैक्टर अपने नाम ट्रांसफर करवा लिया।
अनाथ किशोर ने एसपी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी चाचा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।




