घुवारा (छतरपुर)। इंदौर से टीकमगढ़ की ओर जा रही ओरछा ट्रांसपोर्ट की एक यात्री स्लीपर बस शनिवार सुबह घुवारा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य मार्ग पर अचानक एक गाय व बछिया के आ जाने से चालक ने मवेशी की जान बचाने के लिए आपातकालीन ब्रेक लगाते हुए बस को मोड़ने का प्रयास किया, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पटरी से नीचे उतर गया। घटना के तुरंत बाद बस के भीतर सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई, जिससे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना की स्थिति को देखते हुए यह राहत भरी खबर रही कि चालक की सूझबूझ से बेजुबान मवेशी की रक्षा भी हो सकी और दर्जनों मुसाफिरों की जान भी बाल-बाल बच गई।




