मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश का मंदसौर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के मामले को लेकर सुर्खियों में है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदसौर पोस्ट ऑफिस से कनाडा भेजे जा रहे एक संदिग्ध पार्सल से 455 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। तस्करों ने अफीम को कैंडी के रैपर में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर भेजने की कोशिश की थी, लेकिन CBN की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।
जानकारी के अनुसार CBN मंदसौर सेल को 18 मई को सूचना मिली थी कि मंदसौर पोस्ट ऑफिस से ओंटारियो, कनाडा के लिए एक संदिग्ध पार्सल बुक किया जा रहा है, जिसमें मादक पदार्थ भेजे जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर पोस्ट ऑफिस पहुंचाया गया और निगरानी शुरू की गई। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गया और पार्सल वहीं छोड़ गया।
जांच के दौरान पार्सल में ‘लव पैन’ नाम की कैंडी के दो बॉक्स मिले। शुरुआत में पैकिंग सामान्य दिखाई दी, लेकिन जब अधिकारियों ने एक-एक कैंडी रैपर खोलकर जांच की तो उसमें करीब 25 छोटे पाउच मिले, जिनमें अफीम छिपाई गई थी। कुछ रैपर में असली कैंडी भी रखी गई थी ताकि किसी को शक न हो।
CBN अधिकारियों ने पार्सल से कुल 455 ग्राम अफीम जब्त कर NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि पार्सल किसने भेजा, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से क्या संबंध है। मंदसौर से विदेश तक नशे की सप्लाई की यह कोशिश सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

