पुरी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर श्री गोवर्धनमठ पुरीपीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज से मुलाकात की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्होंने जानकारी दी।धर्मेंद्र प्रधान ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर श्री गोवर्धनमठ पुरी पीठ के पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य जी के श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनका स्नेह और आध्यात्मिक मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा देता है। सनातन परंपरा एवं श्री जगन्नाथ संस्कृति के इस महान आध्यात्मिक केंद्र में उपस्थित होकर मन श्रद्धा, शांति और आनंद से अभिभूत है।"
इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जगद्गुरु शंकराचार्य से मुलाकात की थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा, "श्री गोवर्धन मठ में मुझे परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज की दिव्य उपस्थिति और उनके अमृतमयी आशीर्वाद को प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
मुख्यमंत्री ने लिखा, "हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, मानवीय मूल्यों की स्थापना और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए, परम पूज्य शंकराचार्य जी का अमूल्य जीवन-दर्शन और मार्गदर्शन सदैव एक प्रकाश-पुंज का कार्य करता है। जगद्गुरु की इस पावन उपस्थिति और मार्गदर्शन ने मुझे राज्य की जनता की निरंतर सेवा के लिए नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प से भर दिया है।"
पुरी से भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी शंकराचार्य से मुकालात की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज श्री जगन्नाथ धाम, पुरी में मुझे गोवर्धन मठ के परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वतीजी महाराज के दर्शन और पवित्र आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।"
संबित पात्रा ने आगे लिखा, "इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कैबिनेट मंत्री विभूति भूषण जेना, विधायक आश्रित पटनायक, ओम प्रकाश मिश्रा और अन्य साथी भी मौजूद रहे।"




