जबलपुर, अनुराग शुक्ला। परम पूज्य गुरुदेव भगवान के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर श्री बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल द्वारा शहरभर में सेवा, भक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। दिनभर चले आयोजनों में मंडल के पदाधिकारियों, सेवादारों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह, समर्पण और श्रद्धा के साथ भागीदारी निभाई।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न स्थानों पर राम रोटी भंडारे आयोजित किए गए। मेडिकल कॉलेज जबलपुर में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन प्रसाद वितरित कर सेवा का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। सेवादारों ने पौधरोपण को गुरुदेव भगवान के श्रीचरणों में अपनी जन्मोत्सव भेंट के रूप में समर्पित करते हुए प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
संध्याकाल में तिलवारा घाट स्थित माँ नर्मदा तट पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान तेज मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बरसते पानी के बीच जय श्रीराम के उद्घोष के साथ श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव से धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल रहे, जिससे पूरा नर्मदा तट भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
वहीं गोरखपुर स्थित सनातन धर्मशाला में भी सामूहिक हनुमान चालीसा, भजन संध्या, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बच्चों को संस्कारयुक्त पुस्तकें वितरित की गईं तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने सेवा, संस्कार और सनातन धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पूरे दिन चले इन कार्यक्रमों ने गुरुदेव भगवान के जन्मोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और समाज कल्याण के महापर्व के रूप में स्थापित किया। मंडल के सभी सेवादारों एवं कार्यकर्ताओं के समर्पण और श्रद्धा ने आयोजन को यादगार बना दिया।




