छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MD ड्रग्स की तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम MD ड्रग्स, तीन मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और 3700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 3 लाख 81 हजार 200 रुपये बताई गई है।


मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी आशीष खरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को MD ड्रग्स की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क के तार सिवनी से छिंदवाड़ा और नागपुर तक जुड़े हुए हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल विश्वकर्मा, अनिमेष सूर्यवंशी और अब्दुल रशीद कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से MD ड्रग्स के अलावा मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और नकदी बरामद की है।


पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर MD ड्रग्स की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।