नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में जिले भर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 जून को सेंट्रल नोएडा और नोएडा जोन पुलिस द्वारा व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 193 व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सेंट्रल नोएडा जोन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना सेक्टर-63 पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए 66 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी ओर, नोएडा जोन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान एवं एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के नेतृत्व में थाना सेक्टर-39 और थाना फेस-1 पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में 75 तथा थाना फेस-1 क्षेत्र में 52 व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हुए पकड़ा गया। इन दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 127 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 292 के तहत विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा भी प्रभावित होती है। ऐसे कृत्यों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों से बचें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

