भोपाल। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्य प्रदेश शासन (भोपाल) द्वारा प्रशासनिक कार्य सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एक बड़ा फेरबदल आदेश जारी किया गया है। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, सागर संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न नगरीय निकायों में पदस्थ 13 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO), सहायक वर्ग-01 और राजस्व उप निरीक्षकों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अन्य नगरीय निकायों का अस्थाई रूप से अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह आदेश संभागीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, सागर संभाग के प्रस्ताव के अनुक्रम में जारी किया गया है। शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था आगामी अन्य आदेश तक अस्थाई रूप से प्रभावशील रहेगी, जिससे कि संबंधित निकायों में प्रशासनिक और विकास कार्य सुचारू रूप से बिना किसी व्यवधान के संचालित हो सकें।
छतरपुर जिले के चार प्रमुख नगरीय निकायों में नए प्रभारियों की नियुक्ति से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है:
सटई नगर परिषद: गढ़ीमलहरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इम्तियाज हुसैन खान को सटई का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
महाराजपुर नगर परिषद: हरपालपुर नगर पालिका परिषद के सीएमओ शैलेन्द्र सिंह चौहान को महाराजपुर नगर परिषद की अतिरिक्त कमान दी गई है।
चंदला नगर परिषद: खजुराहो के प्रभारी सीएमओ (राजस्व उप निरीक्षक) बसंत चतुर्वेदी अब चंदला के भी प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी होंगे।
बकस्वाहा नगर परिषद: बड़ामलहरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अक्षय गर्ग को आगामी आदेश तक बकस्वाहा का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
इस आदेश के माध्यम से सागर संभाग के छह प्रमुख जिलों—दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, सागर और निवाड़ी के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। आदेश के तहत दमोह में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र सिंह लोधी को नगर पालिका परिषद तेंदूखेड़ा जिला दमोह का अतिरिक्त जिम्मा मिला है, जबकि पन्ना जिले के अमानगंज से मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शशिकपूर गढ़पाले को नगर परिषद गुन्नौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह पन्ना मुख्यालय के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उमाशंकर मिश्रा अब अपने वर्तमान कार्य के साथ-साथ नगर परिषद देवेन्द्र नगर जिला पन्ना का भी कार्यभार संभालेंगे। टीकमगढ़ जिले की बात करें तो नगर परिषद पलेरा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री शिवि उपाध्याय को नगर परिषद बड़ागांव जिला टीकमगढ़ का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है, वहीं सागर जिले के नगर परिषद शाहगढ़ में पदस्थ सहायक वर्ग-01 पदम कुमार जैन को नगर परिषद जतारा जिला टीकमगढ़ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
संभाग के अन्य राजस्व निरीक्षकों को भी इस आदेश के तहत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सागर जिले के नगर परिषद बरौदियाकलां में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक श्री संजय समुद्रे को वहीं का प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी नियुक्त किया गया है। निवाड़ी जिले के अंतर्गत नगर परिषद पृथ्वीपुर के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (राजस्व उप निरीक्षक) महमूद हसन को अब नगर परिषद तरीचरकलां जिला निवाड़ी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। पन्ना जिले में जिला शहरी विकास अभिकरण में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव को नगर परिषद ककरहटी जिला पन्ना के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही, सागर जिले के नगर परिषद राहतगढ़ में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक राजेश खटीक को अपने वर्तमान कार्य के साथ-साथ राहतगढ़ नगर परिषद के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। स्थानीय विशेषज्ञों का मानना है कि इस नए आदेश से पेंडिंग फाइलों के निपटारे और क्षेत्रीय विकास योजनाओं में तेजी आएगी।


