सागर। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दिलीप कुमार ने सागर संभाग के नवागत कमिश्नर के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया है। संभागायुक्त कार्यालय में औपचारिक प्रक्रियाओं के उपरांत पूर्व कमिश्नर अनिल सुचारी ने नवागत कमिश्नर दिलीप कुमार को संभाग की प्रशासनिक कमान सौंपी। सागर पदस्थापना से पूर्व दिलीप कुमार आयुक्त उद्योग मध्य प्रदेश (भोपाल) तथा प्रबंध संचालक लघु उद्योग निगम मध्य प्रदेश (अतिरिक्त प्रभार) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहे थे।
अधिकारियों के साथ बैठक कर जानीं संभागीय गतिविधियां
पदभार ग्रहण करने के तत्काल बाद कमिश्नर दिलीप कुमार ने कमिश्नरी कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से औपचारिक भेंट की। उन्होंने संभाग के चारों जिलों की भौगोलिक, प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए सोमवार-मंगलवार नियत
प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से नवागत कमिश्नर ने नागरिक जनसुनवाई की व्यवस्था तय की है। उन्होंने कहा कि संभाग के किसी भी नागरिक को यदि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व मामलों या अन्य प्रशासनिक कार्यों से संबंधित कोई भी कठिनाई या शिकायत हो, तो वे प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार को कार्यालयीन समय में सीधे कमिश्नर कार्यालय आकर उनसे भेंट कर सकते हैं। शिकायतों का समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।




