तेल अवीव/वाशिंगटन, 12 जुलाई । अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की अचानक हुई मौत से दुनिया स्तब्ध है। उन्हें करीब से जानने वाले लोग बेहद मायूस भी हैं। इजरायल के पक्ष में हमेशा अपनी आवाज बुलंद करने वाले ग्राहम के निधन पर पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने दुख जताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके साथ खिंचवाई तस्वीर के साथ बयान जारी किया। उन्होंने लिखा, "हम यह समझते थे कि इजरायल और अमेरिका की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने अपना जीवन अमेरिका की रक्षा, हमारे गठबंधन को मजबूत करने और स्वतंत्र विश्व के समर्थन में समर्पित कर दिया।"

उन्होंने आगे कहा, "इजरायल ने अपने सबसे बड़े मित्रों में से एक को खो दिया है। अमेरिका ने एक महान देशभक्त को खो दिया है। मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया है।"

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर ग्राहम को महान और समर्पित देशभक्त बताया। कहा, "उन्हें हमेशा मिस किया जाएगा।"

दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम का शनिवार को अचानक बीमारी के बाद निधन हो गया। वह अमेरिका में इजरायल के प्रमुख समर्थकों में गिने जाते थे और विदेश नीति के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर एक प्रभावशाली आवाज रहे थे।

रविवार सुबह ही उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट से दुखद देहांत की सूचना दी।

उनके कार्यालय ने कहा, "एक संक्षिप्त बीमारी के बाद सीनेटर ग्राहम का शनिवार शाम देहांत हो गया। परिवार इस समय लोगों से प्रार्थनाओं की अपील करता है और इस बेहद कठिन समय में निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है।"

ग्राहम को 2002 में अमेरिकी सीनेट के लिए चुना गया था। इससे पहले वह 1994 में दक्षिण कैरोलिना के तीसरे कांग्रेसनल जिले से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए थे।

एक समय ऐसा था कि ग्राहम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कट्टर आलोचक थे लेकिन बाद में उनके पक्के समर्थक भी बन गए।

ग्राहम को इजरायल ने पक्का दोस्त इसलिए भी कहा क्योंकि वो हाल के यूएस-इजरायल-ईरान संघर्ष के दौरान पाकिस्तान की मध्यस्थता से नाखुश थे। कई मंचों पर वो कह चुके थे कि उन्हें पाकिस्तान पर भरोसा नहीं है। ये लगभग वैसी ही बात थी जैसी इजरायल जाहिर करता आया है।