छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर में नगर पालिका के कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीती रात करीब 10 बजे सब्जी बेचने वाली एक महिला के साथ नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों ने मारपीट और गाली-गलौच की। महिला का आरोप है कि घटना के समय सभी कर्मचारी शराब के नशे में थे और उन्होंने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक शब्द कहे।
महिला के मुताबिक, वह रात के समय सब्जी बेच रही थी, तभी नगर पालिका के कर्मचारी वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उसके साथ विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उसे बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्द कहकर अपमानित किया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और पत्रकारों ने मामले को समझने और जानकारी लेने का प्रयास किया तो कर्मचारियों द्वारा पत्रकारों से भी कथित तौर पर अभद्रता और धमकाने की कोशिश की गई। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें कर्मचारियों की कथित अभद्र भाषा सुनाई दे रही है।
घटना के बाद महिला ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले ने नगर पालिका के कर्मचारियों के व्यवहार और रात के समय की जा रही कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




