वोखा (नागालैंड), 19 जुलाई । नगालैंड के वोखा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने लोगों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा सलाह जारी की है। प्रशासन ने बाढ़, भूस्खलन, मडस्लाइड और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान की आशंका को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और सभी जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।
डिप्टी कमिश्नर कार्यालय और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि लगातार बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में जलभराव, सड़कें बंद होने और स्थानीय स्तर पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इससे सामान्य जनजीवन और आवाजाही प्रभावित हुई है और कई इलाकों में जानमाल का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, उफान पर बह रही नदियों, नालों और पानी से भरी सड़कों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और खासकर भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि लोग अस्थिर पहाड़ी ढलानों, कमजोर रिटेनिंग दीवारों, तटबंधों और उन स्थानों से दूर रहें, जहां जमीन में दरारें या मिट्टी खिसकने के संकेत दिखाई दे रहे हों। जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि यदि जिला प्रशासन निर्देश दे तो वे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
वाहन चालकों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि पानी में डूबी सड़कों और पुलों को पार करने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।
इसके अलावा बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। लोगों से कहा गया है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी होने वाले अपडेट और निर्देशों पर लगातार नजर रखें और उनका पालन करें।
प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति, जैसे भूस्खलन, बाढ़, मकान क्षतिग्रस्त होने, सड़क बंद होने या किसी व्यक्ति के फंसे होने की जानकारी तुरंत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) या नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय अथवा पुलिस स्टेशन को देने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को साझा करने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि यह सलाह पूरी तरह जनहित और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है।




