छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सटई रोड स्थित रेलवे ट्रैक पर बुधवार दोपहर 45 वर्षीय व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश खरे पिता ग्यासी प्रसाद, निवासी आवास कॉलोनी डी-37 गोरिया रोड के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मर्ग कायम किया है। वहीं मृतक की पत्नी ममता खरे ने पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
ममता खरे के मुताबिक घटना से एक दिन पहले मंदिर में पूजा-पाठ को लेकर मोहल्ले की कुछ महिलाओं से उनका विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि विवाद के बाद रजनी विश्वकर्मा के पति स्वदेश विश्वकर्मा और जगदीश विश्वकर्मा उनके घर पहुंचे तथा गेट पर लात-घूंसे मारे। ममता का दावा है कि विवाद से जुड़े कुछ वीडियो भी उनके मोबाइल में मौजूद हैं। विवाद के दौरान डायल-112 पर सूचना देने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू की थी।
ममता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि अगले दिन वह पति की तबीयत खराब होने और एक दिन पहले हुए विवाद के संबंध में शिकायत करने सिविल लाइन थाने पहुंची थीं। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे पुलिस से सूचना मिली कि उनके पति के साथ हादसा हुआ है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि राकेश का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है।
मृतक की पत्नी ने पूर्व विवाद से जुड़े कुछ लोगों पर धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। आवेदन में रजनी विश्वकर्मा, स्वदेश विश्वकर्मा, जगदीश विश्वकर्मा, सुनीता, काजल, दीपिका और प्रिंस सहित अन्य लोगों का उल्लेख किया गया है। ममता का आरोप है कि पूर्व में उनके पति को मरवाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोतिया ने बताया कि सटई रोड स्थित रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को जानकारी दी गई। पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन सहित घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी के मुताबिक फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि राकेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्य और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामले में जांच जारी रखी है।




