हरपालपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से नगर परिषद हरपालपुर द्वारा शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेंद्र चौहान ने नगर परिषद के सभी कर्मचारियों को पांच-पांच पौधे वितरित किए और निर्देश दिए कि वे दो घंटे के भीतर अपने घर अथवा आसपास के क्षेत्र में इन पौधों का रोपण करें।
सीएमओ शैलेंद्र चौहान ने कर्मचारियों से कहा कि पौधारोपण के बाद उसकी फोटो एवं आवश्यक जानकारी वायुदूत ऐप पर अपलोड करें। उन्होंने बताया कि इस कार्य को कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय चरित्रावली (सीआर) में भी शामिल किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सहभागिता का मूल्यांकन हो सके।
अभियान के दौरान नगर परिषद के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अपने-अपने क्षेत्र में पौधारोपण किया तथा पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने की शपथ भी ली। नगर परिषद ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि हरपालपुर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सके।




