छतरपुर, संतोष शिवहरे। शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर भोले-भले ग्रामीणों को ठगने का एक नया मामला सामने आया है। राजनगर तहसील के ग्राम लखेरी की रहने वाली एक महिला ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में पंजीकरण और लाभ दिलाने के नाम पर दस हजार रूपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
यूपीआई के माध्यम से लिया भुगतान
पीडि़ता गुड्डी अहिरवार ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि छतरपुर निवासी वंशगोपाल अहिरवार ने उसे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने पंजीकरण कराने के नाम पर पीडि़ता से दस हजार रूपए की मांग की, जिसका भुगतान महिला द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था।
न योजना का लाभ मिला, न पैसे वापस किए
रुपये ऐंठने के बाद आरोपी द्वारा न तो योजना का लाभ दिलाया गया और न ही पीडि़त महिला की राशि वापस की गई। महिला ने जब बार-बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बात करना बंद कर दिया। इस विश्वासघात से परेशान होकर पीडि़ता ने ऑनलाइन भुगतान के साक्ष्य और रसीद के साथ पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

