सतना, अंबिका केशरी। संसदीय क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनप्रतिनिधि से सीधे संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सांसद गणेश सिंह ने कलेक्ट्रेट के समीप धवारी स्थित इनक्यूबेशन सेंटर में "सांसद सुविधा केंद्र" का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर सुविधा केंद्र के ऑनलाइन पोर्टल तथा हेल्पलाइन नंबर 9425172508 का लोकार्पण किया।


सांसद सुविधा केंद्र के माध्यम से क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।


इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सांसद सुविधा केंद्र आमजन और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनेगा तथा जवाबदेह और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, पूर्व अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, एकेएस यूनिवर्सिटी के संस्थापक अनंत सोनी, रविंद्र सिंह सेठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।