मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों ने मंगलवार को फ्री गैस सिलेंडर मिलने पर पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। लाभार्थियों ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है और दीपावली से पहले गैस सिलेंडर का तोहफा पाकर काफी खुशी हो रही है।
मुरादाबाद के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकार की इस योजना का लाभ दिया गया। मुफ्त गैस सिलेंडर मिलने से महिलाओं के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस दौरान महिलाओं ने प्रदेश सरकार की पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
लाभार्थियों का कहना था कि त्योहार से पहले सरकार की ओर से दी गई यह सौगात उनके परिवारों के लिए राहत लेकर आई है। कुछ मुस्लिम महिलाओं ने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के योजना का लाभ पहुंचाया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद मिली है।
कुछ लाभार्थियों के साथ आईएएनएस ने बातचीत की। लाभार्थी सरिता देवी ने कहा कि यहां पर आयोजित कार्यक्रम में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस योजना के तहत हमें पहली बार लाभ मिला है। हम काफी खुश हैं।
लाभार्थी पिंकी कुमारी ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी योजना का लाभ मिला है। इस सरकार से हम महिलाओं को काफी फायदा हो रहा है। हम चाहते हैं कि आगे भी प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ही रहनी चाहिए, ताकि हमें ऐसी लाभकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहे। देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी की सरकार बनी रहनी चाहिए। फ्री गैस सिलेंडर के रूप में हमें सरकार की ओर से दीपावली का तोहफा मिला है।
उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए योगी सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में महिलाओं की सुरक्षा बहुत बढ़िया कर दी गई है। अपराध पर लगाम लगाई गई है। अगर अपराध होता है तो अपराधियों को कठोर सजा भी मिलती है।
लाभार्थी सिमी ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि हम लोगों को फ्री गैस सिलेंडर का तोहफा मिला है। सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है। वहीं, लाभार्थी रोमी ने कहा कि दीपावली से पहले तोहफा मिला है। हम अपनी ओर से आभार जताते हैं।













