दमोह, राजेन्द्र तिवारी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार दोपहर वीआईपी रोड पर दमोह एसपी आनंद कलादगी की मौजूदगी में जब्त किए गए मोडिफाइड साइलेंसर, अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीने से यातायात पुलिस द्वारा मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान जब्त की गई सामग्री को गुरुवार को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया।
इस दौरान 120 मोडिफाइड साइलेंसर, 16 हूटर, 26 प्रेशर हॉर्न और 86 चुंगा हॉर्न को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया। दमोह शहर में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर जब्त किए गए मोडिफाइड साइलेंसर और अन्य प्रतिबंधित उपकरणों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, आकांक्षा जोशी और सीसीपी एचआर पांडे सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
वाहन चालकों से एसपी की अपील
दमोह एसपी आनंद कलादगी ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। चार पहिया वाहनों में अवैध तरीके से हूटर या लाइट का उपयोग करने से बचें और प्रेशर हॉर्न का भी इस्तेमाल न करें।
एसपी ने कहा कि दमोह पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी और जब्त की जाने वाली ऐसी सामग्री को नष्ट भी किया जाएगा।




