रायगढ़/छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की । रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मृतका की पहचान 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान के रूप में हुई है।


पुलिस जांच के अनुसार घटना के दिन मोबाइल फोन को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति मोहब्बत चौहान ने गुस्से में लकड़ी के पट्टे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण राजकुमारी चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।


जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।